बिहार के 5 जिलों में हिंसक झड़प, 1 की मौत:नालंदा और सासाराम में दो दिन फायरिंग-बमबाजी, मुंगरे में भी 2 गुट भिड़े

[ad_1]

पटना5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सासाराम में शनिवार को बम चलाए गए। बमबाजी करने वालों को ले जाती पुलिस।

बिहार के पांच जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प हुई है। नालंदा के बिहार शरीफ और सासाराम में दो दिन से फायरिंग और बमबाजी हो रही है। नालंदा में गोली लगने से एक की मौत हुई है, जबकि दोनों जगहों पर कई लोग घायल हैं। बिहार शरीफ में कर्फ्यू लगाया गया है। दोनों जगहों पर अब भी तनाव है।

भागलपुर और गया में भी विवाद हुआ है। मुंगेर में भी शनिवार की रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज करके मामले को संभाला। तीनों जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है।

सासाराम में रविवार को गृह मंत्री अमित शाह की सभा रद्द करनी पड़ी है। फिलहाल यहां 5 आईपीएस अफसरों की तैनाती की गई है। वहीं, पूरे नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है। गया और भागलपुर में फोर्स की तैनाती की गई है। अब तक बिहार शरीफ, सासाराम और गया से 61 लोगों की गिरफ्तार की गई है।

सासाराम में उपद्रव के बाद तैनात पुलिस कर्मी। यहां दो पुलिस के जवान घायल हैं।

सासाराम में उपद्रव के बाद तैनात पुलिस कर्मी। यहां दो पुलिस के जवान घायल हैं।

सासाराम में दूसरे दिन भी बमबाजी
रोहतास के जिला मुख्यालय सासाराम के सफ्फुलागंज इलाके में शनिवार शाम को एक बार फिर बम फेंके गए। पुलिस ने घरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसमें 8 और लोगों को हिरासत में लिया गया। अब तक कुल 25 लोगों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है।

यहां गुरुवार रात रामनवमी की शोभायात्रा के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। सहजलाल इलाके में बाइक खड़ी करने और नारे लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। एक पक्ष ने गाड़ियों में तोड़फोड़ कर शोभायात्रा से लौट रहे लोगों के साथ मारपीट की थी।

इसके विरोध में शुक्रवार को दूसरा पक्ष सड़क पर उतर गया था। सासाराम के बस्ती मोड़, चौखंडी, आदमखानी, सोना पट्टी आदि इलाके में पथराव हुआ। इस दौरान बम भी फेंके गए थे। कुछ घरों में आग लगा दी गई थी। उपद्रव में कई लोगों के घायल हुए थे। तब से स्थिति यहां तनावपूर्ण है।

नालंदा के बिहार शरीफ में पत्थरबाजी और फायरिंग के बाद फ्लैग मार्च करती पुलिस।

नालंदा के बिहार शरीफ में पत्थरबाजी और फायरिंग के बाद फ्लैग मार्च करती पुलिस।

हालात बिगड़ने पर बिहार शरीफ में लगा कर्फ्यू
नालंदा के बिहार शरीफ में शुक्रवार को जहां हिंसा हुई थी, उससे 1 किलोमीटर दूर शनिवार रात फिर फायरिंग हुई। फायरिंग में एक की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। पुलिस पर भी पथराव किया गया। यहां की हालत बिगड़ने पर शनिवार की रात कर्फ्यू की घोषणा कर दी गई। सदर प्रखंड के बीडीओ अंजन दत्ता ने बताया कि अगले आदेश तक शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

बिहार शरीफ में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान गगन दीवान के पास दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। फिर आक्रोशित लोगों ने गाड़ियों और मकानों में आग लगा दिया। करीब 1 दर्जन गाड़ियों को आग के हवाले किया गया था। फायरिंग भी हुई थी, जिसमें 6 लोगों को गोली लगी थी। यहां पत्थरबाजी में कई घायल हुए थे।

गया में मामले को शांत कराते पुलिस के जवान और अफसर।

गया में मामले को शांत कराते पुलिस के जवान और अफसर।

गया में शोभायात्रा के दौरान झड़प
गया के चाकंद थाना क्षेत्र में भी रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर दो पक्षों के बीच शुक्रवार शाम जमकर झड़प हुई है। पुलिस पर भी एक पक्ष ने पथराव किया था। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पथराव करने वाले पक्ष के 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है।

भागलपुर में पुलिस के साथ कैंप करते प्रशासनिक अफसर।

भागलपुर में पुलिस के साथ कैंप करते प्रशासनिक अफसर।

भागलपुर में भी शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में झड़प
भागलपुर के नवगछिया के खरिक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। मारपीट में एक पक्ष की महिला गंभीर रूप से घायल है। एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा
मुंगेर में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया । दो पक्षों के बीच पथराव और मारपीट हुई है। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई है। कई लोग जख्मी हुए। दो गांव में तनाव को देखते हुए एसडीएम, डीएसपी सहित कई थानों की टीम मौके पर पहुंची थी। मामला नयारामनगर थाना क्षेत्र के गढ़ीरामपुर गांव का है।

खबरें और भी हैं…

[ad_2]

Source link

Leave a Comment